रिपोर्ट-आदर्श तिवारी
फतेहपुर। बिंदकी तहसील के सौरा औद्योगिक क्षेत्र से निकलने वाला रासायनिक कचरा अब प्रशासन की जांच के घेरे में आ गया है। असिस्टेंट कमिश्नर संदीप कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से पूछताछ की। अधिकारी ने बताया कि दो स्थानों पर कचरे के ढेर मिले हैं, जिनसे दुर्गंध फैल रही है। ग्रामीणों ने बताया कि फैक्ट्री के वाहन रात के अंधेरे में रासायनिक मलवा लाकर गांव के किनारे फेंक जाते हैं। संदीप कुमार ने बताया कि ग्रामीणों से बातचीत कर तथ्यों की जानकारी ली जा रही है। उन्होंने कहा — “जांच चल रही है, दोषियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।” इस दौरान सामाजिक संस्था युवा विकास समिति के कार्यकर्ताओं ने भी मौके पर पहुंचकर अधिकारियों को पूरे प्रकरण की जानकारी दी। संस्था के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेंद्र मिश्रा ने कहा कि यह कचरा वातावरण के साथ-साथ ग्रामीणों के स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक है, इसलिए इसे तत्काल हटवाया जाए। ग्रामीणों ने आग्रह किया कि कचरे का सैंपल लैब टेस्ट करवाया जाए ताकि यह साफ हो सके कि इसमें कौन-कौन से रसायन हैं। हालांकि अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में लैब में सैंपल भेजना संभव नहीं है, लेकिन इस दिशा में प्रयास किया जाएगा। रात में फैक्ट्रियों से फेंका जा रहा है जहरीला कचरा दो स्थानों पर मिला रासायनिक मलवा असिस्टेंट कमिश्नर बोले — “जांच जारी, होगी विधिक कार्रवाई” ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द ठोस कदम नहीं उठाया गया तो यह प्रदूषण पूरे इलाके के जीवन के लिए खतरा बन जाएगा।






