फतेहपुर जनपद में हुए दर्दनाक सड़क हादसे के मामले में पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। लापरवाही बरतने के आरोप में जानीहा चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। यह कार्रवाई एसपी के निर्देश पर की गई है।
मामला बिंदकी क्षेत्र का है, जहां दो दिन पहले एक कार सवार ने बाइक पर जा रहे तीन लोगों को कुचल दिया था, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद से ही पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे थे।
बताया जा रहा है कि हादसे से पहले ही विवाद की स्थिति बनी हुई थी। इस पूरे घटनाक्रम में एक ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें जीजा और साले के बीच करीब 16 मिनट तक गाली-गलौज और जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।
मृतकों के परिजनों का आरोप है कि यदि पुलिस ने समय रहते कार्रवाई की होती तो शायद यह घटना टल सकती थी। वहीं एक पहलू यह भी सामने आया कि घटना से पहले पीड़ित को लगातार फोन आ रहे थे, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। आशंका जताई जा रही है कि यदि फोन उठा लिया जाता तो उसे खतरे की जानकारी मिल सकती थी।
पुलिस ने मामले में आरोपी दीपक सोनी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस साक्ष्य जुटाने में लगी है और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। किशोरी को लेकर भी विवाद की बात सामने आई है, जिसमें शादी और लेन-देन का एंगल भी जोड़ा जा रहा है।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने पहले से ही साजिश रची थी और इसी के तहत वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
तीनों मृतकों का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
एसपी अभिमन्यु मंगलीक ने बताया कि प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर चौकी प्रभारी अजीत सिंह को लाइन हाजिर किया गया है और मामले की गहन जांच जारी है।






