यूपी के फतेहपुर जिले में फूड डिलीवरी से जुड़ा एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ब्राह्मण परिवार ने आरोप लगाया है कि वेज पिज्जा ऑर्डर करने के बावजूद कंपनी की ओर से चिकन विंग्स की डिलीवरी कर दी गई, जिससे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
जानकारी के अनुसार शहर के तामेश्वर नगर कॉलोनी निवासी अनुभव शुक्ला ने अपने पिता के जन्मदिन के अवसर पर परिवार के साथ जश्न मनाने के लिए एक मशहूर पिज्जा कंपनी से वेज पिज्जा ऑर्डर किया था। आरोप है कि डिलीवरी बॉय ने वेज पिज्जा की जगह चिकन विंग्स घर पहुंचा दिए।
जैसे ही परिवार को इस बात की जानकारी हुई, घर में नाराज़गी और आक्रोश फैल गया। पीड़ित अनुभव शुक्ला का कहना है कि उन्होंने स्पष्ट रूप से वेज पिज्जा ऑर्डर किया था, लेकिन इसके बावजूद नॉनवेज आइटम भेज दिया गया, जो उनके परिवार की धार्मिक मान्यताओं के खिलाफ है।
अनुभव शुक्ला ने इस मामले को गंभीर बताते हुए कोतवाली थाने में कंपनी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यह सिर्फ साधारण गलती नहीं बल्कि बड़ी लापरवाही है और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।







