फतेहपुर। बिंदकी थाना पुलिस ने शादी समारोह से लौट रही महिला से हुई लूट की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य साजिशकर्ता समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर लूटा गया सोने का हार, चांदी की कमर पेटी, 20 हजार रुपये नकद और सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक ने गिरफ्तारी करने वाली टीम को 25 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस के मुताबिक 22 नवंबर की रात करीब 11 बजे अंजना देवी पत्नी किशन चंद्र निवासी पाण्डेयपुर, थाना बिंदकी, अपने रिश्तेदार जीत बहादुर के साथ मोटरसाइकिल से जाफराबाद में आयोजित शादी समारोह से घर लौट रही थीं। रास्ते में सुनसान स्थान पर चार लोगों ने मोटरसाइकिल रोककर महिला को सड़क किनारे खेत में गिरा दिया और उनके जेवरात लूटकर फरार हो गए। मामले में 23 नवंबर को मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने 24 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर महरहा चौराहे के पास जनता बाईपास रोड से मुख्य साजिशकर्ता जीत बहादुर समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ और निशानदेही पर लूट का सामान खरीदने वाले आदित्य सोनकर तथा अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार जीत बहादुर ने कर्ज और मोटरसाइकिल की किस्त चुकाने के लिए अपने साथियों के साथ लूट की योजना बनाई थी। महिला के जेवरात देखकर उसने वारदात की साजिश रची थी। लूटा गया सोने का हार जहानाबाद में बेचने और चांदी की कमर पेटी बिंदकी सर्राफा बाजार में गिरवी रखने की बात सामने आई है।
पुलिस ने सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है।







