फतेहपुर। मुराइन टोला स्थित हनुमान मंदिर में शैलेन्द्र साहित्य सरोवर के बैनर तले 463 वीं साप्ताहिक रविवासरीय सरस काव्य गोष्ठी का आयोजन के पी सिंह कछवाह की अध्यक्षता एवं शैलेन्द्र कुमार द्विवेदी के संचालन में हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में मंदिर के पुजारी विजय कुमार शुक्ल उपस्थित रहे।
काव्य गोष्ठी का शुभारंभ करते हुए के पी सिंह कछवाह ने वाणी वंदना मे अपने भाव प्रसून प्रस्तुत करते हुए कहा- सरस्वती मां, आइए , करें तुम्हारा ध्यान।
भाषा- अक्षर -ज्ञान का ,दो हमको वरदान।।
पुनः कार्यक्रम को गति देते हुए काव्य पाठ में कुछ इस प्रकार से अपने अंतर्भावों को प्रस्तुत किया – सुख वैभव संपन्नता, देता पर्व महान।
छठ मैया में प्रकृति का पूजन , हो यशगान।।
डा. सत्य नारायण मिश्र ने अपने भावों को एक छंद के माध्यम से कुछ इस प्रकार व्यक्त किया – कर्म का भोग भोग से कर्म,यही है नियति- नटी का खेल।
इसी में सब के सब अनुरक्त, इसी से जग-जीवन का मेल।।
राम अवतार गुप्ता ने अपने भावों को मुक्तक में कुछ इस प्रकार पिरोया- झारखंड की भूमि का कण – कण करे प्रणाम।
बड़े गर्व से ले रहे, बिरसा जी का नाम।।
प्रदीप कुमार गौड़ ने अपने क्रम में काव्य पाठ में कुछ इस प्रकार भाव प्रस्तुत किये – छत्तिस घंटे छठ मां का व्रत, बांस टोकरी भर सामान।
व्रती घाट पर सूर्य अर्घ्य दें, खुश होकर मां दें वरदान।।
डॉ शिव सागर साहू ने काव्य पाठ में अपने भावों को कुछ इस प्रकार शब्द दिए – छठ मैया को पूजिए, भरें अन्न- भंडार ।
प्रेम ,शांति, सुख पाइये ,देवी के दरबार।।
अनिल कुमार तिवारी ‘निर्झर’ ने पढ़ा- शीत सघन होने लगी, गिरने लगी तुषार ।
स्वेटर, कंबल,शाल से सजने लगे बजार।।
रवींद्र कुमार तिवारी ने पढ़ा – आज नशे के त्याग का, लें हम सब संकल्प।
जीवन जीने का नहीं, इससे श्रेष्ठ विकल्प।।
नरेंद्र कुमार ने पढ़ा- सुनो कथा उस पुण्य देश की, जो वीरों की खान है।
लाल ,बाल से ,और पाल से भारत देश महान है।।
काव्य गोष्ठी के आयोजक तथा संचालक शैलेन्द्र कुमार द्विवेदी ने इस छठ पूजा के पर्व में एक दोहे के माध्यम से अपने भाव कुछ इस प्रकार व्यक्त किये- छठ पूजा के पर्व का,यही चरम उपदेश।
स्वच्छ रहे पर्यावरण,सुरभित हो परिवेश।।
कार्यक्रम के अंत में पुजारी जी ने सभी को आशीर्वाद प्रदान किया ।आयोजक ने आभार व्यक्त किया ।







