फतेहपुर। जिले के खागा कोतवाली क्षेत्र के मीरपुर मजरे ऐलई गांव में शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने एक परिवार की पूरी गृहस्थी को तबाह कर दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार अचानक हुए शॉर्ट सर्किट के चलते घर में आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि घर में खड़ी बाइक, चार बकरियां, अनाज की कई बोरियां और घर में रखी नगदी भी जलकर खाक हो गई।
आग लगने की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक काफी नुकसान हो चुका था और परिवार की पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई।
घटना के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है।







