फतेहपुर। जनपद में सरकारी जमीनों से अतिक्रमण हटाने की मुहिम तेज हो गई है। जिलाधिकारी के सख्त निर्देशों के बाद राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने तेलियानी विकास खंड की हाजीपुरगंग ग्रामसभा के सेमरहटा गांव में सरकारी खलिहान पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।
राजस्व निरीक्षक, पुलिस बल और बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंची टीम ने कब्जेदारों को तत्काल अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारी भूमि पर कब्जा किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कब्जेदारों को अंतिम अल्टीमेटम दिया गया है कि वे स्वयं अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा बुलडोजर चलाकर कब्जा हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने बताया कि जिलेभर में सरकारी जमीनों, खलिहानों और सार्वजनिक संपत्तियों को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कब्जेदारों में हड़कंप मचा हुआ है।







