फतेहपुर। पूर्व सैनिक उत्थान एवं लोक कल्याण समिति की मासिक बैठक रविवार को ईएस कोचिंग सेंटर में कैप्टन भरोसा प्रसाद अग्निहोत्री की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में साइबर अपराध से बचाव और पूर्व सैनिकों को जागरूक करने के लिए साइबर क्राइम इंस्पेक्टर विद्या देवी यादव, सब इंस्पेक्टर प्रभांशु शुक्ला और हेड कांस्टेबल अखिलेश उपाध्याय ने महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर ठग होटल, टैक्सी और विभिन्न एजेंसियों के फर्जी नंबर इंटरनेट पर डालकर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। इसलिए किसी होटल, टैक्सी या एजेंसी का नंबर गूगल या यूट्यूब से खोजकर सीधे संपर्क करने से पहले उसकी विश्वसनीयता की पुष्टि करनी चाहिए।
उन्होंने व्हाट्सऐप के जरिए होने वाली साइबर ठगी से भी सावधान किया। बताया कि ठग व्हाट्सऐप ग्रुप में एपीके फाइल भेजकर मोबाइल में सेंध लगाने का प्रयास करते हैं। ऐसी संदिग्ध फाइलों को डाउनलोड या इंस्टॉल नहीं करना चाहिए। अधिकारियों ने एम-कवच 2.0 एप डाउनलोड करने की सलाह देते हुए कहा कि इसके माध्यम से मोबाइल में छिपी संदिग्ध फाइलों की पहचान करने में मदद मिल सकती है।
पुलिस टीम ने अनजान नंबरों से आने वाली कॉल को लेकर भी सावधानी बरतने की अपील की। बताया कि साइबर ठग बातचीत के दौरान पीड़ित को कॉन्फ्रेंस कॉल में जोड़कर ओटीपी हासिल करने की कोशिश कर सकते हैं। इसलिए अनजान नंबर से आने वाली संदिग्ध कॉल को तत्काल काट देना ही बेहतर है।
अधिकारियों ने कहा कि साइबर ठगी होने पर घबराने के बजाय तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। घटना के बाद शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है और तत्काल शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने की संभावना बढ़ जाती है।
बैठक में डिजिटल अरेस्ट के बढ़ते मामलों को लेकर भी पूर्व सैनिकों को जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराने-धमकाने वाले साइबर ठगों से सावधान रहने और किसी भी अनजान व्यक्ति को ओटीपी, बैंक विवरण अथवा अन्य संवेदनशील जानकारी साझा न करने की सलाह दी।
समिति के अध्यक्ष विद्याभूषण तिवारी ने पुलिस अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आगे भी समिति की मासिक बैठकों में जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आमंत्रित किया जाएगा, ताकि पूर्व सैनिकों को समय-समय पर महत्वपूर्ण जानकारियां मिलती रहें और वे साइबर अपराध से सुरक्षित रहने के साथ-साथ उन्नति के रास्ते पर आगे बढ़ सकें।
बैठक में बालकृष्ण अवस्थी, जागृति तिवारी, सुनीता यादव, सुमन मौर्य, राजेश शुक्ला, प्रेम सागर शुक्ला, उदयभान सिंह, चिंतामणि द्विवेदी, अशोक कुमार यादव, प्यारेलाल, एसपी मिश्रा सहित करीब एक सैकड़ा पूर्व सैनिक एवं सदस्य मौजूद रहे।
Trending Now
साइबर ठगी से बचाव को पूर्व सैनिकों को किया जागरूक
👁 9.8K views







