



फतेहपुर। सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के घोषित परिणामों में इस बार छात्राओं ने बाजी मारते हुए अपना दबदबा कायम रखा, हालांकि छात्रों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। विभिन्न स्कूलों के मेधावी छात्र-छात्राओं ने उच्च अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
शहर के सेंट जेवियर्स स्कूल के छात्र अंबर शुक्ला ने 98.8 प्रतिशत अंक हासिल कर स्कूल में टॉप करते हुए जिले में भी शानदार स्थान प्राप्त किया। वहीं अस्मिता अवस्थी ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। टॉप-10 सूची में शामिल आठ छात्र-छात्राओं ने 96.4 प्रतिशत अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इसी क्रम में महर्षि विद्या मंदिर की छात्रा निष्ठा दीक्षित ने 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। वहीं आकांक्षा सिंह ने 97 प्रतिशत और नव्या शुक्ला ने 96 प्रतिशत अंक हासिल किए।
इसके अलावा शहर के सीपीएस स्कूल के छात्र आनंद शुक्ला ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जबकि जीपीएस स्कूल की छात्रा प्राची पाल ने भी 97 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया।
सफल छात्र-छात्राओं ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया। विद्यालयों में इस अवसर पर खुशी का माहौल देखने को मिला। स्कूल प्रबंधन एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय प्रबंधकों ने कहा कि सभी छात्र-छात्राओं ने कड़ी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। उम्मीद है कि भविष्य में भी ये विद्यार्थी जिले और प्रदेश का नाम रोशन करते रहेंगे।






