
फतेहपुर, 11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर बुधवार को फतेहपुर में एकीकृत स्वास्थ्य सम्मेलन एवं “रन फॉर आयुर्वेद” जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम उत्तर प्रदेश शासन के मुख्य सचिव के निर्देशों तथा जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी और जिला होम्योपैथिक अधिकारी के संयुक्त दिशा-निर्देशन में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत “रन फॉर आयुर्वेद” जनजागरूकता रैली से हुई। रैली के माध्यम से लोगों को आयुर्वेद को दैनिक जीवनशैली में अपनाकर स्वस्थ जीवन जीने के प्रति जागरूक किया गया। इसके बाद जिला होम्योपैथिक अधिकारी कार्यालय के सभागार में एकीकृत स्वास्थ्य सम्मेलन आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. रईस अहमद सिद्दीकी, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी तथा डॉ. अंबरीश चंद्रा ने फीता काटकर किया। दीप प्रज्वलन एवं भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई।
विशिष्ट अतिथि रेड क्रॉस सोसाइटी फतेहपुर के चेयरमैन डॉ. अनुराग श्रीवास्तव रहे। उन्होंने रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से प्रतिभागी चिकित्सकों को पल्स ऑक्सीमीटर उपहार स्वरूप प्रदान किए। वरिष्ठ आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. अमित मिश्रा (एमएस) एवं डॉ. अरविंद गुप्ता (एमएस) की उपस्थिति रही। आयुर्वेद के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. के.के. पांडेय को सम्मानित किया गया।
इस दौरान चिकित्सकों, फार्मासिस्ट, योग प्रशिक्षकों और गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथियों को आयुर्वेदिक विभाग की ओर से बैच एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. रईस अहमद सिद्दीकी ने बताया कि 11 से 23 सितंबर तक जिले के विभिन्न आयुर्वेदिक चिकित्सालयों में ग्राम चौपाल, योग एवं ध्यान शिविर, चिकित्सा शिविर, संगोष्ठी, सेमिनार, प्रतियोगिताएं, वृक्षारोपण, औषधीय पौधों का वितरण तथा स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।





