फतेहपुर। फतेहपुर जिले को शनिवार को बड़ी सौगात मिली। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 33.10 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित फतेहपुर रेलवे स्टेशन का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लोकार्पण किया। स्टेशन के आधुनिकीकरण के बाद यात्रियों को अब पहले से बेहतर और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
पुनर्विकास के तहत स्टेशन परिसर को आधुनिक स्वरूप दिया गया है। आकर्षक प्रवेश द्वार, आधुनिक प्रतीक्षालय, बेहतर बैठने की व्यवस्था, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, उन्नत प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ परिसर और बेहतर यात्री सुविधाएं विकसित की गई हैं। साथ ही स्टेशन की आधारभूत संरचना और कनेक्टिविटी को भी मजबूत किया गया है, जिससे यात्रियों का सफर अधिक सुरक्षित, सुगम और आरामदायक होगा।
फतेहपुर रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित उद्घाटन समारोह में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विधायक, रेलवे अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी लाइव प्रसारित किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक सुना।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किए गए इस विकास कार्य से फतेहपुर रेलवे स्टेशन को आधुनिक पहचान मिली है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ जिले के विकास और रेलवे सेवाओं को भी नई गति मिलेगी।






