नरसिंह मौर्य असोथर (फतेहपुर)।
भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक ब्लाक असोथर की एक महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को 22 जनवरी 2026 को ब्लाक उपाध्यक्ष ठाकुर रविदेव सिंह एडवोकेट के प्रतिष्ठान में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ब्लाक उपाध्यक्ष रविदेव सिंह गौतम ने की। इसमें ब्लाक के सभी सम्मानित पदाधिकारी, ग्राम अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में किसान नेता मौजूद रहे।
बैठक में आगामी 27, 28 और 29 जनवरी को प्रयागराज में आयोजित कुंभ मेले के दौरान भाकियू अराजनैतिक के शिविर एवं भोज कार्यक्रम में शामिल होने की रूपरेखा तैयार की गई। पदाधिकारियों ने एकमत से निर्णय लिया कि कुंभ मेले में आयोजित कार्यक्रम में सभी की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी और संगठन के बैनर तले किसान बढ़-चढ़कर भाग लेंगे।
ब्लाक अध्यक्ष सोनू सिंह गौतम ने बताया कि 28 जनवरी को उनकी अगुवाई में असोथर ब्लाक के पदाधिकारी और किसान प्रयागराज कुंभ मेले में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह शिविर संगठन की मजबूती के साथ-साथ किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से रखने का एक सशक्त मंच होगा।
बैठक में संगठनात्मक अनुशासन को लेकर भी अहम निर्णय लिया गया। ब्लाक अध्यक्ष सोनू सिंह गौतम ने बताया कि शीर्ष किसान नेताओं के निर्देशों के क्रम में भाकियू अराजनैतिक ब्लाक असोथर एवं जिला स्तर की मासिक बैठकों में लगातार अनुपस्थित रहने के कारण ब्लाक उपाध्यक्ष प्रमोद कुमार सिंह को सर्वसम्मति से उनके पद से हटा दिया गया है। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि संगठन हित में जल्द ही किसी नए चेहरे को ब्लाक उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
इसके अलावा बैठक में किसानों और क्षेत्र के ग्रामीणों से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि प्रयागराज कुंभ मेले से लौटने के बाद मासिक बैठक में इन समस्याओं पर रणनीति बनाकर एक बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने, किसानों के अधिकारों की लड़ाई को तेज करने और कुंभ मेले में आयोजित शिविर व भोज कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।








