उत्तर प्रदेश के पंचायती राज विभाग द्वारा जनपद की ग्राम पंचायत सुजानपुर ( बहुआ देहात) को एक आदर्श ‘महिला हितैषी ग्राम पंचायत’ के रूप में वैश्विक पटल पर प्रस्तुत किया गया है। विभाग के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स के माध्यम से ग्राम प्रधान हेमलता पटेल के शैक्षिक, सामाजिक और ढांचागत विकास कार्यों को प्रमुखता से दिखाया गया है, जिससे पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। सशक्त महिला नेतृत्व की मिसाल पंचायती राज विभाग के डिजिटल प्लेटफॉर्म्स एक्स ( ट्विटर), फेसबुक, इंस्टाग्राम आदि पर प्रसारित वीडियो और पोस्ट में दिखाया गया है कि किस प्रकार एक शिक्षित, कर्मठ और दूरदर्शी महिला प्रधान के नेतृत्व में सुजानपुर ने जनपद की प्रथम महिला हितैषी पंचायत होने का गौरव प्राप्त किया। हेमलता पटेल के प्रयासों से न केवल गाँव की बुनियादी सुविधाओं में सुधार हुआ है, बल्कि महिलाओं की सामाजिक और आर्थिक स्थिति भी मजबूत हुई है। ग्रामवासियों और महिलाओं में उत्साह ; विभाग की इस सराहना के बाद ग्राम पंचायत सुजानपुर में उत्सव जैसा माहौल है। ग्राम प्रधान हेमलता पटेल ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा, “यह सम्मान मेरा नहीं, बल्कि सुजानपुर की हर उस महिला और ग्रामीण का है जिसने विकास की इस यात्रा में मेरा साथ दिया। प्रदेश सरकार और विभाग द्वारा हमारे कार्यों को सराहा जाना हमें और अधिक ऊर्जा के साथ काम करने की प्रेरणा देता है।” विकास के विभिन्न आयामों को मिली पहचान ;प्रसारित सामग्री में सुजानपुर के सरकारी स्कूलों के कायाकल्प, स्वास्थ्य कैम्प प्रबंधन और महिला स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए गए कार्यों को ‘मॉडल’ के रूप में दिखाया गया है। विभाग ने इस संदेश पर बल दिया है कि “सशक्त महिला नेतृत्व ही सशक्त पंचायत की नींव है।”
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर समस्त ग्रामवासियों और क्षेत्र के प्रबुद्ध जनों ने प्रधान हेमलता पटेल को बधाई देते हुए पंचायती राज विभाग का आभार व्यक्त किया है।
Trending Now
फतेहपुर :सोशल मीडिया पर छाईं सुजानपुर की ग्राम प्रधान हेमलता पटेल; पंचायती राज विभाग ने ‘सशक्त महिला नेतृत्व-सशक्त पंचायत’ के रूप में किया प्रसारित
👁 18.7K views








