रिपोर्ट नरसिंह मौर्य
असोथर (फतेहपुर)।
असोथर थाना क्षेत्र के गाजीपुर-विजयीपुर रोड स्थित झाल तिराहा के पास शनिवार सुबह तेज रफ्तार और लापरवाही ने बड़ा हादसा करा दिया। बिना हेलमेट स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन युवक सड़क किनारे पंचर की दुकान पर खड़ी वैगनआर कार से जा टकराए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक और कार दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वैगनआर कार के मालिक अनुपम अपनी कार की स्टेपनी बनवाने के लिए उसे दुकान पर खड़ी कर घर चले गए थे। इसी दौरान गाजीपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही स्प्लेंडर बाइक अनियंत्रित होकर खड़ी कार से टकरा गई।
बाइक चला रहा था जीशान पुत्र इद्दु (20 वर्ष), निवासी कंधिया। उसके साथ निखिल पुत्र रामप्रकाश कश्यप (18 वर्ष) और कृष्ण सिंह पुत्र सुमेर सिंह (15 वर्ष), दोनों निवासी बेर्राव, सवार थे। तीनों युवक बिना हेलमेट के थे। बताया जा रहा है कि जीशान डीजे कारोबारी है और असोथर में डीजे मशीन लेने आ रहा था।
हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल तीनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां से जीशान और निखिल की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार और सुरक्षा नियमों की अनदेखी है।
जरौली चौकी प्रभारी अंकुश यादव ने बताया कि घायलों का इलाज कराया जा रहा है और मामले की जांच की जा रही है।








