फतेहपुर जिले के पूर्व सैनिक उत्थान एवं लोक कल्याण समिति की जहानाबाद शाखा द्वारा 18वां होली मिलन समारोह बड़े ही आध्यात्मिक और पारंपरिक अंदाज में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली और फाग गीतों ने पूरे माहौल को उत्साह से भर दिया।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर चार फाग टीमों—नए पुरवा, असगर, घनसिमपुर कोड़ा और घाटमपुर—को आमंत्रित किया गया था। सभी टीमों ने पारंपरिक फाग गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर श्रोताओं का मन मोह लिया।
घाटमपुर की टीम ने “माधव गति तुम्हारी हम जानी” गीत गाकर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया, वहीं नए पुरवा की टीम ने “दशरथ के लाल दिनों दिन प्यारे” गीत प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। प्रतिस्पर्धा में चारों टीमों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया, लेकिन नए पुरवा की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि पर टीम के कप्तान राम प्रसाद को शील्ड और 1100 रुपये की नगद राशि देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष विद्याभूषण तिवारी और महिला अध्यक्ष जागृति तिवारी मौजूद रहीं। उन्होंने सभी फाग टीमों से हाथ मिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया और कहा कि आज के समय में लोक संगीत की फाग विधा धीरे-धीरे समाप्त होती जा रही है। ऐसे में अध्यक्ष रामकेश यादव द्वारा फगुआ की सदियों पुरानी परंपरा को जीवित रखने का प्रयास सराहनीय है।
समारोह के दौरान पूर्व सैनिकों ने ठंडाई, गुजिया, चिप्स, पापड़ और समोसे का आनंद लिया। इसके बाद सभी ने फिल्मी गीतों पर करीब 15 मिनट तक जमकर डांस किया। अंत में सभी ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और प्रसन्नता के साथ अपने-अपने घरों को लौट गए।
इस मौके पर रज्जन सिंह, शिव प्रसाद सविता, गंगाराम, जब्बार हुसैन, रामकुमार यादव, शिव गोपाल तिवारी, इंदल सिंह, सर्वेश उत्तम, अनवर यादव, अर्जुन सिंह, बलराम सिंह, जितेंद्र सिंह, करण सिंह, कमल दीक्षित, कैलाश बाबू समेत कई लोग मौजूद रहे।








