फतेहपुर। जिले के मलवां थाना क्षेत्र के कोराई गांव में एक युवक पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घर के बाहर खड़े युवक पर दबंग ने चाकू और कट्टे के बट से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक की पहचान अभय दीक्षित के रूप में हुई है, जिसे परिजनों द्वारा आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
परिजनों के मुताबिक, आरोपी राजेश दुबे उर्फ रज्जन दुबे लंबे समय से जमीन विवाद को लेकर अभय पर पैसे देने का दबाव बना रहा था। आरोप है कि आरोपी अब तक 1 लाख रुपये ले चुका था और बाकी 3 लाख रुपये के लिए लगातार धमकी दे रहा था।
बताया जा रहा है कि घटना के दिन भी आरोपी पैसों की मांग को लेकर पहुंचा था। जब अभय ने विरोध किया तो आरोपी ने गुस्से में आकर चाकू और अवैध तमंचे (कट्टे) के बट से हमला कर दिया।
परिजनों ने इसे ‘गुंडा टैक्स’ वसूली का मामला बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, इसके बावजूद वह खुलेआम दबंगई कर रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






