फतेहपुर, 17 अप्रैल 2026।
जिला सूचना कार्यालय फतेहपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों के प्रभावी अनुश्रवण हेतु शासन द्वारा गठित टास्क फोर्स की जनपद स्तरीय बैठक कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में ऑपरेशन कायाकल्प सहित अन्य शैक्षिक बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परिषदीय विद्यालयों में जिन पैरामीटरों का कार्य शेष है, उन्हें जल्द से जल्द पूर्ण करते हुए सभी मानकों से संतृप्त किया जाए। उन्होंने शहरी क्षेत्रों के विद्यालयों में टाइलीकरण व फर्नीचर की कमी को दूर करने के लिए संबंधित ईओ को पत्राचार कर शीघ्र कार्य पूर्ण कराने को कहा।
उन्होंने जर्जर विद्यालय भवनों के संबंध में कहा कि जिनकी नीलामी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उनका शीघ्र ध्वस्तीकरण कराया जाए। पीएम श्री योजना के तहत चयनित विद्यालयों में चल रहे निर्माण कार्यों में तेजी लाने और फोटो सहित प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश खंड शिक्षा अधिकारियों को दिए गए।
निपुण भारत मिशन के तहत कक्षा 1 से 3 तक के बच्चों को निपुण बनाने के लिए प्रत्येक माह शत-प्रतिशत असेसमेंट कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही, स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत लक्ष्य के अनुरूप अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने और विशेष ध्यान रखने को कहा गया कि कोई भी बच्चा ड्रॉपआउट न रहे।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जिन विद्यालयों में पिछले वर्ष की तुलना में नामांकन कम हुआ है, वहां संबंधित प्रधानाचार्यों के साथ बैठक कर नामांकन बढ़ाने की कार्ययोजना बनाई जाए। खजुहा ब्लॉक में कक्षा 5 से 6 के नामांकन प्रतिशत में कमी पाए जाने पर संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी का वेतन रोकने के निर्देश भी दिए गए।
आरटीई के तहत चयनित बच्चों का शत-प्रतिशत प्रवेश संबंधित विद्यालयों में सुनिश्चित कराने के निर्देश बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिए गए। साथ ही, मुख्य विकास अधिकारी को ग्राम पंचायत सचिवों के माध्यम से ऐसे दिव्यांग बच्चों की पंचायतवार सूची तैयार कराने को कहा गया, जो किसी कारणवश विद्यालय नहीं जा पा रहे हैं।
इसके अलावा, आरबीएसके टीम द्वारा विद्यालयों में की जाने वाली स्वास्थ्य जांच की संख्या और उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का समुचित रजिस्टर बनाए जाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, डीसी मनरेगा, समस्त खंड विकास अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।






