रिपोर्ट -आदर्श तिवारी
फतेहपुर। हथगांव विकास खंड के ग्राम भैरमपुर मंडा सराय स्थित शिव मंदिर में अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर मंदिर की 35वीं वर्षगांठ बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। सोमवार सुबह 8 बजे से विधि-विधान के साथ रुद्राभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर पहुंचे और भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। रुद्राभिषेक के समय पूरे मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार गूंजता रहा, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। भक्तों ने श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की और प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में ग्रामवासियों का विशेष सहयोग देखने को मिला।
आयोजकों के अनुसार, मंदिर की स्थापना वर्ष 1991 में समाजसेवी स्वर्गीय चंद्रिका प्रसाद तिवारी द्वारा कराई गई थी। तब से हर वर्ष यह आयोजन पूरे श्रद्धाभाव और उल्लास के साथ मनाया जाता है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में एकता, भाईचारा और आपसी सद्भाव को मजबूत करने का कार्य करते हैं।






