फतेहपुर जनपद में प्रशासनिक सख्ती एक बार फिर देखने को मिली, जब जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने भिटौरा विकासखंड के रारा स्थित गौशाला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गौशाला में कई गंभीर खामियां सामने आईं, जिस पर डीएम ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि गौशाला में पशुओं के लिए पर्याप्त हरा चारा और दाना उपलब्ध नहीं था, साथ ही साफ-सफाई और देखभाल की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए डीएम ने तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
डीएम ने बीडीओ भिटौरा और ग्राम सचिव से पूरे मामले में स्पष्टीकरण मांगा है, जबकि ग्राम प्रधान को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गौशालाओं में पशुओं की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पशुओं के लिए नियमित रूप से हरा चारा, भूसा और दाना उपलब्ध कराया जाए, साथ ही गौशाला की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं को तत्काल दुरुस्त किया जाए।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और प्रशासनिक अमले में जवाबदेही बढ़ गई है।






