फतेहपुर जनपद के हुसेनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत रहिमालन का पुरवा गांव में हुए सनसनीखेज हत्या कांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला उस समय सुर्खियों में आया था जब दबंगों द्वारा एक युवक को बेरहमी से पीट-पीटकर मौत के घाट उतारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।
बताया जा रहा है कि आधा दर्जन से अधिक लोगों ने मिलकर युवक पर हमला किया और उसे इस कदर पीटा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हमलावरों ने मानवता की सारी हदें पार करते हुए युवक को किसी जल्लाद की तरह पीटा। घटना के दौरान जब एक महिला और एक बुजुर्ग युवक को बचाने पहुंचे, तो दबंगों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और उनके साथ भी मारपीट की।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, इस मामले में अभी भी सात आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा और इस जघन्य अपराध में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। गांव में घटना के बाद तनाव का माहौल है, वहीं पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।






