फतेहपुर। जनपद में हुए सामूहिक दुष्कर्म कांड के विरोध में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने कड़ा रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति व राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने घटना की निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
बसपा जिलाध्यक्ष वीर प्रकाश लोधी (एडवोकेट) के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में 24 अप्रैल को खागा कोतवाली क्षेत्र के मंदखोर (हेदरगांव) गांव में हुई सामूहिक दुष्कर्म की घटना को बेहद गंभीर और शर्मनाक बताया गया। पार्टी ने कहा कि इस घटना से पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।
ज्ञापन में प्रमुख मांगें रखते हुए बसपा ने कहा कि सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, साथ ही पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए। इसके अलावा पीड़िता को 25 लाख रुपये का मुआवजा, आवास और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी उठाई गई।
बसपा ने आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट और एनएसए के तहत कार्रवाई करने तथा उनकी अवैध संपत्तियों की जांच कर कड़ी कार्रवाई करने की भी मांग की है।
इस दौरान सूर्यपाल लोधी, गुरु प्रसाद, विवेक माधुरे, महेश मिश्रा समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।






