फतेहपुर जिले के ललौली थाना क्षेत्र में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। तपनी गांव के छह दोस्त रिन्द नदी में नहाने के लिए पहुंचे थे, जहां गहरे पानी में चले जाने से चार युवकों की डूबकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि गांव में मातम का माहौल है।
बताया जा रहा है कि तपनी गांव निवासी हसीबुद्दीन, शाहिद, अंश, शान, निजाम और मोनू एक साथ कुनुहा का डेरा के पास रिन्द नदी में नहाने गए थे। नहाते समय अचानक सभी युवक गहरे पानी की तरफ चले गए और डूबने लगे। युवकों को बचाने के लिए मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने निजाम और मोनू को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि हसीबुद्दीन, शाहिद, अंश और शान को नदी से बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक चारों की मौत हो चुकी थी। एक साथ चार दोस्तों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतकों के घरों में चीख-पुकार सुनाई देती रही और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही ललौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने और खतरनाक जगहों पर चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है।






