फतेहपुर। जिले के ललौली थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां चिल्ला पुल के पास एक तेज रफ्तार लोडर ने 10 वर्षीय बच्चे को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मासूम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
बताया जा रहा है कि बच्चा खेत से वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रहे लोडर ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
जाम और प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस बल के साथ क्षेत्राधिकारी (सीओ) और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को कार्रवाई और उचित मदद का आश्वासन दिया, जिसके बाद काफी देर बाद जाम खुल सका।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं फरार चालक और वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।






