फतेहपुर। नगर पालिका परिषद फतेहपुर कार्यालय में जनगणना 2027 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में नगर पालिका परिषद कार्यालय में जनगणना कार्य हेतु नियुक्त कर्मचारियों को किट का वितरण किया गया। किट वितरण कार्यक्रम अधिशासी अधिकारी एवं चार्ज अधिकारी श्री रविंद्र कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
इस दौरान अधिशासी अधिकारी ने बताया कि शहर क्षेत्र में जनगणना कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए कुल 452 प्रगणकों की नियुक्ति की गई है, जबकि उनकी निगरानी एवं कार्यों के समन्वय के लिए 59 सुपरवाइजर भी लगाए गए हैं।
उन्होंने जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सभी कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करें, ताकि सही और सटीक आंकड़े संकलित किए जा सकें।
अधिशासी अधिकारी श्री रविंद्र कुमार ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना कार्य में लगे कर्मचारी जब सूचना एकत्र करने आपके घर पहुंचे, तो उन्हें सही जानकारी उपलब्ध कराएं और सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसके आधार पर भविष्य की कई योजनाएं तैयार की जाती हैं।






