फतेहपुर। जिले के ललौली थाना क्षेत्र में बार बालाओं के डांस कार्यक्रम के दौरान अवैध असलहे से फायरिंग का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक युवक ने कार्यक्रम के बीच तमंचे से फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक वायरल वीडियो ललौली थाना क्षेत्र के परेठी गांव का बताया जा रहा है। वीडियो में डांस कार्यक्रम के दौरान युवक हाथ में अवैध असलहा लेकर फायरिंग करता दिखाई दे रहा है। फायरिंग होते ही मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हालांकि बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो कई दिन पुराना है, लेकिन सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फायरिंग करने वाले युवक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
ग्रामीण इलाकों में इस तरह खुलेआम असलहों के प्रदर्शन और फायरिंग की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखने को मिल रही है। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई की बात कह रही है।






