फतेहपुर। जिले के खागा कोतवाली क्षेत्र में हाईवे किनारे एक पीली बोरी में महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले को संदिग्ध मानते हुए पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार खागा कोतवाली क्षेत्र के स्कूरी गांव के पास हाईवे सर्विस लेन किनारे एक पीली बोरी पड़ी होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरी खोलकर देखा तो उसके अंदर एक महिला का शव मिला। मृतका की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है।
प्रथम दृष्टया मामला हत्या कर शव को यहां फेंके जाने का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा पहचान के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया है। महिला की शिनाख्त कराने के प्रयास जारी हैं।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस हाईवे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। वहीं कौशाम्बी की ओर स्थित टोल प्लाजा के कैमरों की भी जांच की जा रही है, ताकि शव को यहां तक लाने वाले वाहन या संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी मिल सके।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।






