असोथर/फतेहपुर। थाना क्षेत्र के हरनावा गांव से एक संवेदनशील मामला सामने आया है। एक नवविवाहिता के अचानक लापता होने के बाद परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर गांव में चर्चा का माहौल है, जबकि पुलिस जांच में जुट गई है।
परिजनों द्वारा थाना असोथर में दी गई शिकायत के अनुसार, महिला की शादी कुछ माह पूर्व हुई थी। आरोप है कि आरोपी युवक उसे अपने साथ ले गया है। परिजनों का यह भी कहना है कि महिला घर से लगभग 20 हजार रुपये नकद एवं जेवरात लेकर गई है।
शिकायतकर्ता परिवार का आरोप है कि महिला की तलाश के दौरान जब वे आरोपी के घर पहुंचे तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया तथा धमकी देकर वहां से भगा दिया गया। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की है।
मामले को लेकर समाजसेवी धर्मेंद्र सिंह ‘जनसेवक’ के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने थाना अध्यक्ष असोथर से मुलाकात कर घटना की निष्पक्ष जांच और शीघ्र कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी पुलिस प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।
थाना अध्यक्ष असोथर ने बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस टीम महिला और संबंधित युवक की तलाश में जुटी है तथा सभी पहलुओं की जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






