फतेहपुर। जिले में पिछले कई दिनों से रुक-रुक कर हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार बारिश के चलते शहर के कई इलाकों में भीषण जलभराव की स्थिति बन गई है। सड़कों पर कई फीट तक पानी भरने से लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
शहर का प्रमुख नंदी चौराहा बारिश के बाद मानो ‘स्विमिंग पूल’ में तब्दील हो गया। सड़क पर पानी भरने से कई वाहन पानी में फंस गए और कुछ गाड़ियां बंद हो गईं। लोगों को अपने वाहनों को पानी से निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
शहर के ताबनेश्वर, खलील नगर, पृथ्वीपुरम समेत आधा दर्जन से अधिक मोहल्लों में जलभराव की स्थिति गंभीर बनी हुई है। कई स्थानों पर बारिश का पानी लोगों के घरों तक पहुंच गया है। घरों में पानी घुसने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के दौरान हर साल ऐसे ही हालात पैदा हो जाते हैं।
भारी जलभराव के कारण पैदल राहगीरों के साथ-साथ दोपहिया और चार पहिया वाहन चालकों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। कई जगह सड़क और नाली का अंतर तक दिखाई नहीं दे रहा है, जिससे हादसे का खतरा भी बना हुआ है।
लगातार बारिश को देखते हुए लोगों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जलभराव वाले इलाकों में तत्काल पानी निकासी की व्यवस्था कराने और नालियों की सफाई कराने की मांग की है। फिलहाल बारिश जारी रहने से शहर के हालात और बिगड़ने की आशंका बनी हुई है।
Trending Now
फतेहपुर: भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, नंदी चौराहा बना ‘स्विमिंग पूल’ आधा दर्जन से अधिक मुहल्ले प्रभावित
👁 21.3K views







