फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि सुमित सिंह नाम के व्यक्ति ने एक दर्जन से अधिक लोगों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे लाखों रुपये ऐंठ लिए और अब फरार है।
पीड़ितों के मुताबिक, आरोपी ने किसी को स्वास्थ्य विभाग में नौकरी, किसी को पुलिस विभाग में भर्ती तो किसी को संविदा पर नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। नौकरी की उम्मीद में लोगों ने आरोपी को रकम दे दी, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी न नौकरी मिली और न ही रकम वापस की गई।
मामले में सामने आया है कि आरोपी सुमित सिंह के खिलाफ फतेहपुर जिले के अलग-अलग थानों में आठ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें थरियांव थाने में पांच, खागा कोतवाली में दो और मलवां थाने में एक मुकदमा दर्ज बताया जा रहा है।
आरोप है कि मुकदमे दर्ज होने के बावजूद पीड़ितों को अभी तक उनका पैसा वापस नहीं मिल सका है। ठगी के शिकार परिवार अब न्याय के लिए अधिकारियों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
पीड़ित परिवार ने पूरे मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुहार लगाते हुए आरोपी सुमित सिंह के खिलाफ ठोस कार्रवाई की मांग की है। पीड़ितों का कहना है कि नौकरी की उम्मीद में उन्होंने अपनी जमा पूंजी आरोपी को दी थी, लेकिन अब रकम गंवाने के बाद परिवार आर्थिक परेशानी से जूझ रहे हैं।
फिलहाल मामला थरियांव थाना क्षेत्र का है। पीड़ित परिवार आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और अपनी रकम वापस दिलाए जाने की मांग कर रहा है।
Trending Now
नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी कर फरार हुआ नटवरलाल, एक दर्जन से ज्यादा लोगों को लगाया चूना
👁 15K views







