फतेहपुर। जिले में गंगा नदी के बढ़े जलस्तर से प्रभावित कटरी इलाकों में प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। सोमवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक और विधायक राजेंद्र पटेल ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने गंगा कटरी क्षेत्र के अभयपुर-आशापुर सहित आसपास के मजरों में पहुंचकर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया।
डीएम और एसपी ने कई प्रभावित क्षेत्रों में ट्रैक्टर पर बैठकर मौके का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे बातचीत की और बाढ़ से होने वाली परेशानियों की जानकारी ली। अधिकारियों ने ग्रामीणों से राहत सामग्री, आवागमन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान महुआ घाटी में स्थापित बाढ़ राहत शिविर का भी जायजा लिया गया। डीएम निधि गुप्ता, एसपी अभिमन्यु मांगलिक और विधायक राजेंद्र पटेल ने राहत शिविर में मौजूद बाढ़ पीड़ितों से बातचीत कर प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य में लगे कर्मचारियों से भी व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इसके बाद अधिकारियों ने औंग और मलवां थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कटरी गांवों का निरीक्षण किया। प्रशासनिक अधिकारियों ने बाढ़ की स्थिति को देखते हुए संबंधित विभागों और पुलिस टीमों को सतर्क रहने तथा प्रभावित लोगों तक तत्काल सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए।
अधिकारियों के इस निरीक्षण का उद्देश्य बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को समय पर राहत पहुंचाना और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासनिक तैयारियों को मजबूत करना रहा। प्रशासन ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और आवश्यकता पड़ने पर राहत शिविरों का उपयोग करने की अपील की है।
Trending Now
फतेहपुर में बाढ़ प्रभावित इलाकों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, ट्रैक्टर पर बैठकर पहुंचे कटरी गांव
👁 22.5K views







