असोथर फतेहपुर। भाजपा असोथर मंडल के कंधिया सेक्टर के बूथ संख्या 272 स्थित ग्राम बेरूई में बृहस्पतिवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा असोथर मंडल महामंत्री साहिल शर्मा के आवास पर किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में सेक्टर अध्यक्ष अरुण शर्मा, बूथ अध्यक्ष संदीप साहू, मंडल मंत्री एवं युवा मोर्चा के घनश्याम साहू समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे। वक्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन, संघर्ष और राष्ट्रसेवा पर चर्चा करते हुए उनके विचारों को याद किया।
वक्ताओं ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने एकात्म मानववाद और अंत्योदय के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान का विचार प्रस्तुत किया। उनका जीवन सादगी, राष्ट्रनिष्ठा और समाजसेवा की प्रेरणा देता है।
मंडल महामंत्री साहिल शर्मा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का पूरा जीवन राष्ट्र और समाज के लिए समर्पित रहा। अंत्योदय का विचार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और सेवा का लाभ पहुंचाने की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और जनकल्याण की भावना पहुंचाने का संकल्प लिया।
Trending Now
बेरूई में श्रद्धा के साथ मनाई गई पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती कार्यकर्ताओं ने चित्र पर पुष्प अर्पित कर अंत्योदय और एकात्म मानववाद के विचारों को आत्मसात करने का लिया संकल्प
👁 16.7K views





