फतेहपुर। अमौली विकासखंड के देवचली ग्राम सभा स्थित प्रसिद्ध आराखा बाबा धाम मंदिर परिसर में पीडीए सेवा समिति उत्तर प्रदेश द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सराहनीय पहल की जा रही है। समिति के अध्यक्ष आलोक कुमार पटेल के नेतृत्व में कुछ माह पूर्व मंदिर परिसर की करीब 14 बीघे बंजर भूमि में हजारों पौधों का रोपण कराया गया था। अब इन पौधों की नियमित देखभाल और साफ-सफाई का जिम्मा समिति ने उठाया है।
समिति द्वारा सप्ताह में दो बार अपने खर्च पर मजदूरों के माध्यम से पौधों के आसपास की घास और झाड़ियों की सफाई कराई जा रही है। पौधों की नियमित देखभाल मंदिर के पुजारी धीरेंद्र सिंह उर्फ ध्यानू दास द्वारा की जा रही है, जबकि इसका पूरा खर्च पीडीए सेवा समिति वहन कर रही है।
समिति अध्यक्ष आलोक कुमार पटेल ने बताया कि समिति का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित रखकर वृक्ष बनाना है। सार्वजनिक स्थानों, मंदिरों, स्कूलों और चौराहों के आसपास यदि पौधे देखभाल या साफ-सफाई के अभाव में सूख रहे हैं तो इसकी सूचना समिति को दी जा सकती है। समिति की पर्यावरण टीम मौके पर पहुंचकर साफ-सफाई और पौधों की सुरक्षा का कार्य करेगी।
उन्होंने कहा कि आराखा बाबा धाम आस्था का प्रमुख केंद्र है और इसे हरा-भरा, स्वच्छ एवं सुंदर बनाना सभी की जिम्मेदारी है। समिति का संकल्प है कि जिले के अलग-अलग मंदिरों में कम से कम दो पौधे लगाकर उन्हें वृक्ष के रूप में तैयार किया जाए।
स्थानीय ग्रामीणों ने भी समिति के इस प्रयास की सराहना की है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले मंदिर परिसर के आसपास की भूमि बंजर थी, लेकिन पौधरोपण के बाद यहां हरियाली बढ़ी है और आने वाले श्रद्धालुओं को भी इसका लाभ मिल रहा है। समिति द्वारा जरूरतमंद लोगों की मदद के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी लगातार कार्य करने की बात कही गई है।
Trending Now
पीडीए सेवा समिति सार्वजनिक स्थानों पर लगे पौधों की करेगी देखभाल : आलोक पटेल
👁 25.7K views





