कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शुक्रवार को दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में लहरा दो तिरंगा मार्च निकालने का आह्वान किया है। CJP के ‘लहरा दो तिरंगा’ विरोध प्रदर्शन पर भारतीय जनता पार्टी सांसद विवेक ठाकुर की प्रतिक्रिया सामने आई है। विवेक ठाकुर ने कहा कि इनके दिलों में तिरंगा नहीं बसता, बल्कि ये तिरंगे को एक हथियार की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं।
‘देश तोड़ने वाली ताकतों का चेहरा बेनकाब’
देश को तोड़ने के लिए काम करने वाली ताकतों के असली चेहरे सामने आ गए हैं। ये वे लोग हैं जो देश को बांटना चाहते हैं। देश में अब एक ऐसा माहौल बन रहा है जो विपक्ष के एजेंडे को खारिज करता है, और वे कभी सफल नहीं होंगे।
घर से निकलते ही हिरासत में अभिजीत दिपके
CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। CJP ने आज कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में ‘लहरा दो तिरंगा’ विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है। कनॉट प्लेस में धारा 163 लागू है और NDMC ने तिरंगा यात्रा के लिए कोई अनुमति नहीं दी है। दिल्ली पुलिस ने अभिजीत दिपके को हिरासत में ले लिया।
रामदास अठावले ने अभिजीत दिपके पर बोला हमला
CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके द्वारा समर्थकों से राष्ट्रीय ध्वज लेकर कनॉट प्लेस में इकट्ठा होने की अपील पर केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि अभिजीत दिपके डॉ. बीआर अंबेडकर का सम्मान करते हैं, लेकिन उनके काम से यह सवाल उठता है कि क्या वे वास्तव में उनके सिद्धांतों का पालन करते हैं। डॉ. अंबेडकर ने विरोध करने के अधिकार का समर्थन किया था, लेकिन उन्होंने कभी भी जनता को परेशानी में डालने या बेबुनियाद मुद्दों पर विरोध करने का समर्थन नहीं किया।
दिल्ली पुलिस ने अभिजीत दिपके को जारी किया नोटिस
दिल्ली पुलिस ने सीजेपी के संस्थापक और संयोजक अभिजीत दिपके को 16 अक्टूबर को कनॉट प्लेस में प्रस्तावित प्रदर्शन के संबंध में नोटिस जारी किया है। पुलिस ने दिल्ली हाई कोर्ट के निर्देशों के संदर्भ में जारी नोटिस में कहा है कि सोशल मीडिया पर शाम 5 बजे कनॉट प्लेस में जुटने की अपील की गई थी, जबकि इसके लिए कानूनी अनुमति नहीं ली गई थी।
कनॉट प्लेस में प्रदर्शन नहीं करने का निर्देश
नोटिस में दिल्ली पुलिस ने कनॉट प्लेस में बिना अनुमति भीड़ जुटने से यातायात, कानून-व्यवस्था, सार्वजनिक सुरक्षा और व्यावसायिक गतिविधियों पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों का उल्लेख किया है। पुलिस के मुताबिक, कनॉट प्लेस एक व्यस्त व्यावसायिक इलाका है, जहां गोलाकार सड़कें और प्रवेश एवं निकास के सीमित मार्ग होने के कारण भीड़ जमा होने की स्थिति में लोगों को सुरक्षित निकालना मुश्किल हो सकता है। इससे यातायात जाम और आपात स्थिति पैदा होने का खतरा है।





