फतेहपुर। एमएलसी द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। निर्वाचन प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए गुरुवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने कलेक्ट्रेट परिसर से पोलिंग पार्टियों को संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया। इस दौरान मतदान कार्मिकों को निर्वाचन सामग्री वितरित कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
प्रशासन के अनुसार, जिले में निर्वाचन के लिए कुल 25 पोलिंग पार्टियां रवाना की गई हैं, जबकि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तीन रिजर्व पोलिंग पार्टियों को भी तैयार रखा गया है। जिले में मतदान के लिए 15 मतदान केंद्र और 25 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।
स्नातक निर्वाचन के लिए जनपद में कुल 17,596 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंप दी हैं।
पोलिंग पार्टियों को रवाना करते समय जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मतदान कार्मिक भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें। मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और निर्वाचन की शुचिता बनाए रखी जाए।
डीएम ने मतदान कार्मिकों से निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार कार्य करने तथा मतदान व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने को कहा। प्रशासन का उद्देश्य निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना है।






