फतेहपुर, जिलाधिकारी श्रीमती निधि गुप्ता वत्स ने महात्मा गांधी पीजी कॉलेज, फतेहपुर में संचालित जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण सत्र का जायजा लिया और प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षणार्थियों को दी जा रही जानकारी को ध्यानपूर्वक सुना।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जनगणना कार्य की महत्ता पर जोर देते हुए सभी प्रशिक्षणार्थियों को गंभीरता और पूरी जिम्मेदारी के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य को सही, व्यवस्थित और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए निर्धारित प्रक्रिया एवं दिशा-निर्देशों का पालन करना आवश्यक है।
डीएम ने प्रशिक्षणार्थियों को जनगणना की कार्यप्रणाली को अच्छी तरह समझने तथा कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं का समाधान निर्धारित नियमों के अनुसार करने की बात कही। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया जाए और प्रशिक्षणार्थियों की शंकाओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए।
डीएम निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि प्रगणक का सबसे बड़ा हुनर धैर्य के साथ सबकी बात सुनना और कार्य को पूरा कर लेना है।
इस दौरान तहसीलदार सदर सहित संबंधित अधिकारी, प्रशिक्षक एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।






