फतेहपुर: यूपी के फतेहपुर में सगे भाइयों के बीच चल रही कानूनी जंग का भावुक कर देने वाला अंत हो गया। करोड़ों की संपत्ति के मालिक जमीन और फसल के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया था। पुलिस ने काउंसलिंग कर दोनों के दिल फिर से मिलवा दिए। थाने में गले मिलते ही दोनों भाई भावुक हो गए और दोनों के आंसू भी छलक पड़े। जिससे एक बार फिर दोनों भाइयों के परिवार मिल गए।
थरियांव थाना क्षेत्र के एकारी गांव निवासी राकेश चंद्र श्रीवास्तव और उनके छोटे भाई रत्नेश चंद्र श्रीवास्तव का बचपन संघर्षों में गुजरा। दोनों ने मजदूरी की और मेहनत करके अपना जीवन आगे बढ़ाया। करीब 15 वर्ष पहले दोनों भाई बंगलूरू चले गए। मेहनत और लगन से कारोबार को आगे बढ़ाया और धीरे-धीरे करोड़ों की संपत्ति खड़ी कर ली। इस पूरे सफर में दोनों भाई एक-दूसरे के साथ खड़े रहे। गांव में भी दोनों परिवारों के बीच अच्छा तालमेल था।
वर्षों का प्यार छह महीने की नाराजगी में बदल गया
दो सगे भाइयों के बीच जब जमीन और फसल के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ तो वर्षों का प्यार छह महीने की नाराजगी में बदल गया। विवाद इतना बढ़ा कि कई बार दोनों परिवार आमने-सामने आ गए और मामला मारपीट से लेकर पुलिस और मुकदमेबाजी तक पहुंच गया। लेकिन बृहस्पतिवार को थरियांव थाने में एक ऐसी पहल हुई, जिसने छह महीने से जमी रिश्तों की बर्फ पिघला दी। दोनों भाई एक-दूसरे के सामने आए तो पहले गिले-शिकवे दूर हुए और फिर गले लगते ही दोनों की आंखों से आंसुओं निकल आए। दोनों भाइयों की पत्नियां भी एक-दूसरे से लिपटकर रोने लगीं।बृहस्पतिवार को थाना प्रभारी शमशेर बहादुर ने दोनों भाइयों को थरियांव थाने बुलाया। यहां पुलिस ने दोनों की अलग-अलग शिकायतें सुनने के बजाय उन्हें आमने-सामने बैठाकर बातचीत कराई। आखिरकार भावनाओं के आगे छह महीने की तल्खी टिक नहीं सकी। दोनों भाई अपनी जगह से उठे और एक-दूसरे के गले लग गए। इसके बाद दोनों फूट-फूटकर रोने लगे। उन्हें इस तरह भावुक देखकर उनकी पत्नियां भी खुद को संभाल नहीं सकीं और एक-दूसरे से लिपटकर रो पड़ीं। थाने में कुछ देर तक माहौल बेहद भावुक बना रहा।







