फतेहपुर। जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाए जाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बिंदकी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने संगठित रूप से जुआ खेल रहे छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से 2 लाख 20 हजार रुपये नकद, छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन, तीन मोटरसाइकिल और भारी मात्रा में ताश के पत्ते बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक फतेहपुर के कुशल निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी बिंदकी के कुशल पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, 21 नवंबर 2026 को अपराध निरीक्षक बिंदकी पुलिस बल के साथ क्षेत्र में शांति व्यवस्था, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कस्बा बिंदकी स्थित ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल के पीछे खेत में बने ट्यूबवेल के कमरे में कस्बा बिंदकी और अन्य थाना क्षेत्रों के कुछ लोग संगठित गिरोह बनाकर पिछले दो-तीन दिनों से जुआ खेल रहे हैं। इनमें कुछ लोग बाहर रहकर निगरानी भी कर रहे हैं।
सूचना पर बिंदकी पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और छापेमारी की। पुलिस ने हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे छह आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
2 लाख 20 हजार रुपये नकद बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और मालफड़ से कुल 2 लाख 20 हजार रुपये बरामद किए। इसमें मालफड़ से 1 लाख 73 हजार 700 रुपये तथा जामा तलाशी से 46 हजार 300 रुपये मिले। इसके अलावा छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन, चार गड्डी इस्तेमाल किए हुए ताश के पत्ते (कुल 208 पत्ते), 39 गड्डी सील पैक ताश के पत्ते और तीन मोटरसाइकिल बरामद की गईं।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में राजेंद्र कुमार पुत्र लक्ष्मीशंकर अवस्थी निवासी ग्राम तेंदुली थाना बिंदकी, संजय सिंह पुत्र सहदेव सिंह निवासी ब्राह्मण टोला थाना खागा, राजू सिंह पुत्र महादेव सिंह निवासी ग्राम गढ़ी थाना खागा, लतीफ अहमद पुत्र शरीफ अहमद निवासी मोहल्ला महजरी थाना कोतवाली नगर, नफीस पुत्र याकूब खान निवासी ब्राह्मण टोला थाना खागा और विपिन पुत्र वेदप्रकाश तिवारी निवासी सिविल लाइन थाना कोतवाली नगर शामिल हैं।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी आया सामने
पुलिस प्रेस नोट के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में कई के खिलाफ पूर्व में भी मुकदमे दर्ज हैं। राजेंद्र कुमार के खिलाफ जुआ, धोखाधड़ी और विद्युत अधिनियम समेत विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज होने का उल्लेख है। वहीं राजू सिंह, नफीस और विपिन के खिलाफ भी पूर्व के आपराधिक मुकदमों का विवरण प्रेस नोट में दिया गया है।
इस मामले में थाना बिंदकी पर मुकदमा अपराध संख्या 400/2026 धारा 112 बीएनएस एवं 3/4 सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई को अपराध निरीक्षक श्री श्याम प्रकाश पाण्डेय के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दिलीप यादव, उपनिरीक्षक अरविंद कुमार, हेड कांस्टेबल सुनील कुमार शुक्ल, हेड कांस्टेबल शिवप्रकाश पाल, कांस्टेबल अजय रघुवंशी, कांस्टेबल विमल कुमार, महिला कांस्टेबल रेशमा बानो और रिजर्व कांस्टेबल आकाश सिंह शामिल रहे।







