फतेहपुर। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को लेकर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में सरदार वल्लभ भाई पटेल प्रेक्षा गृह में आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची पुनरीक्षण के तहत जनपद में चल रहे कार्यों की सुपरवाइजरवार विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने मतदाता सूची में नए पंजीकरण, दावे-आपत्तियों, स्थानांतरित, अनुपस्थित मतदाताओं के सत्यापन और सूची के शुद्धिकरण की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नो मैपिंग, स्थानांतरित और सूची से हटाए गए मतदाताओं के साथ 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र युवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। विधानसभा मतदाता सूची का आवश्यकतानुसार क्षेत्र पंचायत और नगर पंचायत की सूची से मिलान कर छूटे हुए पात्र मतदाताओं का पंजीकरण कराया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों और नगर पंचायतों में प्रधान, वार्ड सदस्य, कोटेदार, रनर प्रधान, पूर्व प्रधान और संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठक कर आलेख्य मतदाता सूची को पढ़कर सुनाया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
डीएम ने सुपरवाइजरों को निर्देशित किया कि वे बीएलओ की प्रतिदिन की रिपोर्ट का अवलोकन करें और घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित कराएं। स्थानांतरित, नो मैपिंग और मतदाता सूची से मिलान के दौरान छूटे मतदाताओं के संबंध में की गई कार्रवाई का कारण सहित विवरण बीएलओ रजिस्टर में दर्ज कराया जाए। इसके साथ ही जेंडर रेशियो और 18 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने बूथों की मतदाता सूची में मकान संख्या, डुप्लीकेसी, फोटो और उम्र के अंतर का सत्यापन कराने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एआरओ और एईआरओ अभियान की नियमित समीक्षा करते हुए सतत निगरानी बनाए रखें।
जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत 28 और 29 नवंबर 2026 को विशेष बूथ दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सभी बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अपने बूथों पर उपस्थित रहकर पात्र मतदाताओं का पंजीकरण करेंगे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), उप जिला निर्वाचन अधिकारी, एआरओ, एईआरओ, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, सुपरवाइजर सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।







