फतेहपुर। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को लेकर मंगलवार को महात्मा गांधी कलेक्ट्रेट सभागार में राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने की। इस दौरान मतदाता सूची में नए मतदाताओं के पंजीकरण, नाम संशोधन, विलोपन और सत्यापन कार्यों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण, स्थानांतरित और अनुपस्थित मतदाताओं का सत्यापन तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों से अपने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के माध्यम से अभियान में सहयोग करने की अपील की। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और महिला मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने से वंचित न रहे।
जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची से संबंधित जानकारी और प्रपत्र जनपद की आधिकारिक वेबसाइट FATEHPUR.NIC.IN पर उपलब्ध हैं। फार्म-06 के माध्यम से नाम दर्ज कराने, फार्म-07 से नाम विलोपन तथा फार्म-08 से संशोधन संबंधी प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
बैठक में राजनैतिक दलों से सुझाव भी प्राप्त किए गए। जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 का अभियान 16 दिसंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर उप जिलाधिकारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सहित विभिन्न राजनैतिक दलों के पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।







