Homeराज्यउत्तर प्रदेशसमाजवादी पार्टी ने जारी किया घोषणा पत्र, अखिलेश यादव बोले- बुरे दिन...

समाजवादी पार्टी ने जारी किया घोषणा पत्र, अखिलेश यादव बोले- बुरे दिन जाने वाले हैं

Published on

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को लखनऊ में अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी किया। संविधान दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ वरिष्ठ नेता आजम खान भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में सबसे पहले आजम खान ने अपनी बात रखी। इसके बाद अखिलेश यादव ने पार्टी के काम गिनाए और दावा किया कि सपा ने अपने हर घोषणा पत्र को लागू किया है।

अखिलेश यादव ने मौजूदा राजनीतिक हालात पर तंज कसते हुए कहा, “अच्छे दिन तो आए नहीं, अब बुरे दिन जाने वाले हैं।” उन्होंने कहा कि बुरे दिन जाने की बात सुनकर कुछ लोगों की भाषा भी बदल गई है। सपा ने अपने घोषणापत्र को ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ और ‘पीडीए का प्रणपत्र’ नाम दिया है।

‘देश संविधान से चलेगा, किसी के मन विधान से नहीं’

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने संविधान, आरक्षण, सामाजिक न्याय और समानता को अपनी राजनीति का मुख्य आधार बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ ताकतें समीक्षा और पुनर्विचार के नाम पर संविधान की मूल भावना को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि देश संविधान से चलेगा, किसी के मन विधान से नहीं।

सपा प्रमुख ने कहा कि संविधान केवल शासन चलाने का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह शोषित, वंचित और कमजोर वर्गों के अधिकारों की सबसे बड़ी सुरक्षा है। कुछ प्रभुत्ववादी और स्वार्थी लोग अपनी परंपरागत सत्ता बनाए रखने के लिए संविधान बदलने की बात कर रहे हैं। आज देश में संविधान को लेकर वैचारिक और राजनीतिक संघर्ष चल रहा है। ऐसे समय में संविधान में विश्वास रखने वाले सभी लोगों की जिम्मेदारी है कि वे एकजुट होकर ऐसी कोशिशों का विरोध करें।

बुरे दिन जाने वाले हैं- अखिलेश यादव

भारतीय जनता पार्टी पर पलटवार करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि, “अच्छे दिन आने वाले हैं और बुरे दिन जाने वाले हैं।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सत्ता में बैठे लोग जान चुके हैं कि अब वे जा रहे हैं, इसीलिए उनकी भाषा बदल गई है। अखिलेश यादव ने वरिष्ठ नेता आजम खां की बातों का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी ने समय और जरूरत के हिसाब से अपने घोषणा-पत्र में नए मुद्दों को शामिल किया है। जनता बदलाव चाहती है और आने वाले समय में इसका असर साफ दिखाई देगा। अखिलेश यादव ने कहा कि सपा ने जब भी अपना घोषणा पत्र तैयार किया, उसे लागू किया है। इतना ही नहीं, सरकार चलाने के दौरान यदि कोई नई परिस्थिति या जरूरत सामने आई तो उसे भी अपने एजेंडे में शामिल कर पूरा किया गया।

महिलाओं के लिए जारी होगा अलग घोषणा पत्र

अखिलेश यादव ने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी महिलाओं के लिए अलग से घोषणा पत्र जारी करेगी। उन्होंने कहा कि आधी आबादी की जरूरतों, अधिकारों और आर्थिक सामाजिक भागीदारी को ध्यान में रखते हुए एक अलग एजेंडा तैयार किया जा रहा है। पार्टी का मानना है कि महिलाओं के सवालों को सामान्य चुनावी वादों तक सीमित नहीं रखा जा सकता।

मेदांता, स्टेडियम और आईटी सिटी का किया जिक्र

सपा सरकार के कार्यकाल में शुरू और विकसित की गई परियोजनाओं को गिनाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि लखनऊ में मेदांता अस्पताल और अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम जैसी परियोजनाएं उनके मूल घोषणा पत्र का हिस्सा नहीं थीं, लेकिन सरकार बनने के बाद स्वास्थ्य सुविधाओं और निवेश को बढ़ावा देने के लिए इन पर काम किया गया। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव के मुख्यमंत्री रहते लखनऊ में योजनाबद्ध शहरी विकास की शुरुआत हुई थी, जिसके परिणामस्वरूप आज यहां बड़े पैमाने पर निवेश आया है।

आईटी क्षेत्र में हुए कामों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि एक बार हैदराबाद, बेंगलुरु और चेन्नई से आए युवाओं ने उनसे लखनऊ में आईटी सिटी विकसित करने की मांग की थी, ताकि उन्हें रोजगार के लिए परिवार से दूर दूसरे शहरों में न जाना पड़े। इसके बाद सपा सरकार ने शिव नादर को बुलाकर निवेश की संभावनाओं पर काम किया और आज लखनऊ में आईटी क्षेत्र की कई कंपनियां काम कर रही हैं। उन्होंने लुलु मॉल और हाई कोर्ट की शानदार इमारत को भी सपा सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का उदाहरण बताया।

युवाओं को हर महीने 5 हजार बेरोजगारी भत्ता

सपा ने अपने घोषणापत्र में युवाओं को हर महीने 5000 रुपये बेरोजगारी भत्ता देने और शिक्षामित्रों व अनुदेशकों को नियमित शिक्षकों के बराबर वेतन देने के लिए काम करने का ऐलान किया है। इसके साथ ही अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने का भरोसा भी दिलाया है।

बंद विद्यालय फिर खुलेंगे, पुरानी पेंशन योजना लागू करने का भरोसा

चुनावी घोषणापत्र में शिक्षा, रोजगार और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि शिक्षा, शिक्षक और शिक्षार्थी का गौरव बहाल करने के लिए बंद किए गए विद्यालयों को फिर से शुरू किया जाएगा। उन्होंने वादा किया कि शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और हर स्तर के शिक्षकों को समान वेतन देने की दिशा में ठोस काम होगा। इसके अलावा घोषणापत्र में आशा, आंगनबाड़ी, संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को सम्मानजनक वेतन देने और समायोजन का लाभ दिलाने की बात भी कही गई है। सरकारी कर्मचारियों के हित में अखिलेश यादव ने पुरानी पेंशन योजना लागू करने की दिशा में काम करने का भी भरोसा दिलाया।

जेल में बिताए दिनों को यादकर भावुक हुए आजम खान

कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ सपा नेता आजम खान ने अपने संबोधन में जेल में बिताए कठिन दिनों और अपने परिवार को हुई परेशानियों का दर्द साझा किया। मंच से सपा नेता आजम खां ने अपने जेल के दिनों को याद किया और भावुक अंदाज में अखिलेश यादव से कहा कि वह भी छह महीने जेल में बिताते तो वहां के हालात समझ पाते। आजम खान ने कहा कि जेल में बिताए समय ने उनके जीवन और सोच को गहराई से प्रभावित किया है।

👁 6.5K views
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img

Latest articles

फतेहपुर में जमीन विवाद को लेकर तहसील गेट पर हंगामा, रायफल-पिस्टल तानने का वीडियो वायरल

फतेहपुर। जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच सदर तहसील के मुख्य...

फतेहपुर में बी.बी.जी. राम जी कर्मचारी संघर्ष मोर्चा का जोरदार प्रदर्शन,कार्य बहिष्कार कर कलेक्ट्रेट पहुंचे कर्मचारी

फतेहपुर। जिले में बी.बी.जी. राम जी कर्मचारी संघर्ष मोर्चा के कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न...

फतेहपुर: घटिया सड़क निर्माण देख भड़के विधायक जैकी, मौके पर ही ठेकेदार को लगाई फटकार

फतेहपुर। बिंदकी क्षेत्र में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों की शिकायत पर...

UP चुनाव 2027: कुंडा से फिर ताल ठोकेंगे राजा भैया, जनसत्ता दल ने जारी की उम्मीदवारों की पहली लिस्ट

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर जनसत्ता दल...

More like this

फतेहपुर में जमीन विवाद को लेकर तहसील गेट पर हंगामा, रायफल-पिस्टल तानने का वीडियो वायरल

फतेहपुर। जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच सदर तहसील के मुख्य...

फतेहपुर में बी.बी.जी. राम जी कर्मचारी संघर्ष मोर्चा का जोरदार प्रदर्शन,कार्य बहिष्कार कर कलेक्ट्रेट पहुंचे कर्मचारी

फतेहपुर। जिले में बी.बी.जी. राम जी कर्मचारी संघर्ष मोर्चा के कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न...

फतेहपुर: घटिया सड़क निर्माण देख भड़के विधायक जैकी, मौके पर ही ठेकेदार को लगाई फटकार

फतेहपुर। बिंदकी क्षेत्र में सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों की शिकायत पर...