उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर जनसत्ता दल लोकतांत्रिक ने अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक की सूची में तीन उम्मदीवारों के नाम है। पार्टी ने कुंडा सीट से अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष और मौजूदा विधायक कुंवर रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया को उम्मीदवार बना दिया है। पार्टी द्वारा जारी की गई पहली लिस्ट में प्रतापगढ़ जिले की तीन विधानसभा सीटों कुंडा, बाबागंज और विश्वनाथगंज के प्रत्याशियों की घोषणा की है।
कुंडा सीट से आठवीं बार किस्मत आजमाएंगे राजा भइया
राजा भइया कुंडा सीट से लगातार आठवीं बार चुनावी मैदान में उतरेंगे। बता दे कि यहां से वे सात बार चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे है। राजा भइया ने पहली बार 1993 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में विधानसभा चुनाव जीता था। इसके बाद 1996, 2002, 2007, 2012 और 2017 में भी निर्दलीय विधायक चुने गए।
पार्टी ने बाबागंज सीट से विनोद सरोज और विश्वनाथगंज विधानसभा सीट से कुलदीप पटेल को उम्मीदवार घोषित किया है। राजा भइया और विनोद सरोज अभी मौजूदा विधायक हैं।
जनसत्ता दल लोकतांत्रिक का गठन
रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भइया ने 30 नवंबर 2018 को अपनी राजनीतिक पार्टी जनसत्ता दल लोकतांत्रिक की स्थापना की थी। निर्दलीय विधायक के रूप में राजनीति में 25 साल पूरे होने के मौके पर उन्होंने लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में एक विशाल रैली आयोजित की और इसी मंच से पार्टी की शुरुआत का ऐलान किया। समर्थकों की मांग और एक ऑनलाइन सर्वे के बाद उन्होंने अलग राजनीतिक दल बनाने का फैसला लिया। इससे पहले वे करीब ढाई दशक तक बिना किसी पार्टी के सहारे निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ते और जीतते रहे थे।







