फतेहपुर। जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच सदर तहसील के मुख्य गेट पर जमकर हंगामा हुआ। विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और ड्रामे की स्थिति बन गई। इस दौरान असलहों की खुलेआम नुमाइश किए जाने का आरोप है। रायफल और पिस्टल तानने की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के सिलसिले में दोनों पक्ष सदर तहसील पहुंचे थे। तहसील के मुख्य गेट पर अचानक दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और मौके पर जमकर हंगामा होने लगा।
प्रत्यक्ष रूप से सामने आए वीडियो में कथित तौर पर कुछ लोगों को असलहों के साथ देखा जा रहा है। रायफल और पिस्टल की नुमाइश के बीच दोनों पक्षों का विवाद सड़क पर तमाशा बन गया। घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
हथियारों के खुलेआम प्रदर्शन से कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। वायरल वीडियो सामने आने के बाद मामले की चर्चा तेज हो गई है।
पूरा मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के नई तहसील स्थित मुख्य गेट का बताया जा रहा है। घटना के वीडियो के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई करती है या नहीं, इस पर लोगों की नजर बनी हुई है। जमीन विवाद को लेकर सार्वजनिक स्थान पर इस तरह हंगामा और असलहों का प्रदर्शन गंभीर मामला माना जा रहा है।







