फतेहपुर। गुरुवार की दोपहर असोथर थाना परिसर में एक सनसनीखेज घटना ने सियासी हलकों में हड़कंप मचा दिया।एक मामले में आपसी सुलह-सपझौता कराने पहुंचे भाजपा अनुसूचित मोर्चा के मंडल अध्यक्ष चंद्रभान पासवान और महामंत्री विनोद वाल्मीकि को थाने के दरोगा गालियां दीं,जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर उनकी गरिमा को तार तार कर दिया। भाजपाइयों का आरोप है कि रिश्वत न मिलने की झल्लाहट में दरोगा ने भाजपा नेताओं को “दलाल”* तक कह डाला।
घटना की सूचना पर मंडल अध्यक्ष राम महेश निषाद, पूर्व मंडल अध्यक्ष शिव प्रताप सिंह, उपाध्यक्ष गौरव सिंह गौतम, महामंत्री रज्जन शुक्ला, विनोद कुमार, साहिल, विहान सिंह, आशुतोष विश्वकर्मा सहित दो दर्जन से अधिक भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता थाने पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी से इस अशोभनीय व्यवहार की शिकायत की।

भाजपाइयों में आक्रोश,एसपी से शिकायत की तैयारी—
आक्रोशित भाजपा नेताओं ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए फैसला किया कि शुक्रवार को वे इस प्रकरण को पुलिस अधीक्षक के समक्ष उठाएंगे और दोषी दरोगा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगे। इस घटना ने न केवल स्थानीय पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि सत्तारूढ़ दल के नेताओं के साथ इस तरह के व्यवहार ने प्रशासनिक व्यवस्था की भी पोल खोल दी है।
स्थानीय लोगों में चर्चा,बढ़ सकता है विवाद—

असोथर कस्बे में यह घटना चर्चा का विषय बन गई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस मामले में कार्रवाई नहीं हुई, तो यह विवाद और तूल पकड़ सकता है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि वे इस अपमान को बर्दाश्त नहीं करेंगे और न्याय के लिए हर स्तर पर लड़ाई लड़ेंगे।