फतेहपुर। बिंदकी तहसील क्षेत्र के जाफरगंज थाना अंतर्गत ग्राम तेंदुली लखीपुर में पुश्तैनी मकान और जमीन को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता शकुंतला देवी पत्नी रामसागर ने आरोप लगाया है कि शिकायत और IGRS के माध्यम से मामला अधिकारियों तक पहुंचाने के बावजूद उसे अब तक न्याय नहीं मिला है।
पीड़िता का आरोप है कि उसके पति की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और परिवार में तीन पुत्रियां हैं। पुराना पुश्तैनी मकान जर्जर होकर गिर चुका है। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर गांव के कुछ दबंग लोग गिरे हुए मकान के सहन पर चढ़ी/नाद बनाकर जानवर बांध रहे हैं और धीरे-धीरे कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।
शिकायतकर्ता ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इलाके की पुलिस और राजस्व टीम भी दबंगों के प्रभाव में है, जिसके चलते जांच के नाम पर उसे लगातार टरकाया जा रहा है और मौके पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही।
पीड़िता ने ग्राम प्रधान की भूमिका पर भी संदेह जताया है। उसका कहना है कि दबंगों के बढ़ते प्रभाव के कारण परिवार खुद को असहाय महसूस कर रहा है।
अब पीड़ित परिवार ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर कथित कब्जा हटवाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
Trending Now
IGRS शिकायत के बाद भी नहीं मिला न्याय, दबंगों पर कब्जे का आरोप पुलिस-राजस्व टीम पर दबंगों के प्रभाव में काम करने का आरोप, पीड़िता ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार
👁 34.4K views







