फतेहपुर – भारतीय किसान यूनियन राष्ट्रवादी की ओर से किसानों की समस्याओं को लेकर अधिकार यात्रा निकाली गई। इसी क्रम में आज संगठन के पदाधिकारियों ने क्षेत्र के कई गांवों का भ्रमण कर किसानों से संपर्क किया और उन्हें 6 अक्टूबर को होने वाली महापंचायत में शामिल होने के लिए जागरूक किया। इस दौरान किसानों को उनकी समस्याओं और अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए अधिक से अधिक संख्या में महापंचायत में पहुंचने का आह्वान किया गया।
आगामी 6 अक्टूबर को ओनहा मोड़, नौबस्ता, मंडा सराय में महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। इसमें मुख्य रूप से अंबापुर-मंडा सराय मार्ग की बदहाल स्थिति और क्षेत्र में चरमराई विद्युत व्यवस्था का मुद्दा उठाया जाएगा। किसानों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के चलते ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं विद्युत व्यवस्था प्रभावित होने से किसानों और ग्रामीणों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
भारतीय किसान यूनियन राष्ट्रवादी के पदाधिकारियों के अनुसार, अधिकार यात्रा के माध्यम से करीब 100 गांवों के किसानों को एकजुट किया जा रहा है। संगठन का उद्देश्य किसानों की समस्याओं को एक मंच पर उठाकर संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाना है।
संगठन के जिला अध्यक्ष रिशु सिंह चंदेल ने बताया कि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर किसानों में लगातार आक्रोश है। अंबापुर-मंडा सराय मार्ग की बदहाल स्थिति और विद्युत व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया जा चुका है, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। इसी को लेकर अधिकार यात्रा के माध्यम से किसानों को लामबंद किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि आज कई गांवों का भ्रमण कर किसानों से संपर्क किया गया और महापंचायत को लेकर समर्थन जुटाया गया। उन्होंने क्षेत्र के किसानों से 6 अक्टूबर को ओनहा मोड़, नौबस्ता, मंडा सराय पहुंचकर महापंचायत में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।





