रिपोर्ट -नरसिंह मोर्य
असोथर, फतेहपुर।
नगर पंचायत असोथर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न दुकानों पर छापेमारी की। जांच के दौरान खाद्य सामग्री के नमूने लिए जाने से क्षेत्र के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर मौके से खिसकते नजर आए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनुराधा कुशवाहा के नेतृत्व में टीम ने प्रताप नगर झाल तिराहे के पास स्थित रोजाना बाजार में सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने अरहर दाल, मूंग दाल, चाय पत्ती, हल्दी और घी के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया।
अभियान की भनक लगते ही बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई दुकानदार कार्रवाई से बचने के लिए अपनी दुकानें बंद कर निकल गए, जिससे पूरे इलाके में हलचल बनी रही।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनुराधा कुशवाहा ने बताया कि यह कार्रवाई नियमित सर्वे के तहत की गई है। उन्होंने कहा कि लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी प्रकार की मिलावट पाई जाती है तो संबंधित दुकानदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने दुकानदारों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि वे केवल मानक के अनुरूप ही खाद्य सामग्री का विक्रय करें। विभाग की ओर से मिलावटखोरों पर नजर रखने के लिए आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा।






