फतेहपुर, 2 अक्टूबर 2026। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को फतेहपुर पुलिस द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित क्वार्टर गार्द में पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित एवं माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अहिंसा, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। उन्होंने पुलिसकर्मियों से महात्मा गांधी के अहिंसा एवं शांति के सिद्धांतों तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, सत्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को अपने आचरण में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को समाज में शांति, आपसी भाईचारा और मानवीय मूल्यों को बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के समापन पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों सहित उपस्थित पुलिसकर्मियों को उपहार एवं मिष्ठान वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक फतेहपुर ने पुलिस कार्यालय में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा, अहिंसा एवं सद्भाव की शपथ दिलाई गई।
वहीं जनपद के सभी थानों एवं पुलिस चौकियों में भी संबंधित प्रभारियों द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद दोनों महापुरुषों के चित्रों पर पुष्प अर्पित एवं माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। पुलिसकर्मियों ने उनके आदर्शों और विचारों को अपनाने का संकल्प लिया। पूरे जनपद में कार्यक्रम श्रद्धा एवं गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुए।
Trending Now
गांधी-शास्त्री जयंती पर पुलिस लाइन में श्रद्धांजलि, पुलिसकर्मियों ने ली अहिंसा और कर्तव्यनिष्ठा की शपथ
👁 31.4K views





