फतेहपुर में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला हुसैनगंज थाना क्षेत्र के बहबलपुर गांव के पास का है, जहां एक बेकाबू ट्रेलर ने बाइक सवार दादी और पोते को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वृद्ध महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि मासूम पोता गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि दादी अपने पोते के साथ एक शादी समारोह से वापस घर लौट रही थीं। इसी दौरान हुसैनगंज थाने के पास बहबलपुर के समीप तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि बच्चा गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पता रहा।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल भेजा और महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ट्रेलर को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश में जुट गई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है।






