केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी ने बागपत दौरे के दौरान क्षेत्रीय विकास, खेल सुविधाओं और अंतरराष्ट्रीय व्यापार को लेकर अहम बयान दिया। उन्होंने कहा कि आज वैश्विक स्तर पर भारत की स्थिति लगातार मजबूत हो रही है और दुनिया की बड़ी ताकतें भारत के साथ व्यापारिक समझौते करने की इच्छुक हैं।
बागपत के मलकपुर में बन रहे अत्याधुनिक स्टेडियम का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कहा कि इस परियोजना को यहां तक पहुंचाने में करीब 10 से 11 साल का समय लगा है। यह स्टेडियम विश्वस्तरीय आर्किटेक्चर के आधार पर तैयार किया जा रहा है, जिसमें खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। खासतौर पर इसमें स्पोर्ट्स साइंस से जुड़ी व्यवस्थाएं विकसित की जा रही हैं, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर ट्रेनिंग मिल सके।
जयंत चौधरी ने मलकपुर की प्रतिभा का जिक्र करते हुए कहा कि यहां की मिट्टी में कुछ खास है, जिसकी वजह से इस क्षेत्र के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि स्टेडियम का निर्माण सीएसआर (कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी) के तहत किया जा रहा है।
इसके अलावा उन्होंने बागपत के बालैनी क्षेत्र में खेलों के विकास के लिए बड़े निवेश की योजना का भी संकेत दिया, जिससे युवाओं को बेहतर अवसर मिल सकें।
अपने दौरे के दौरान उन्होंने पाली गांव में चौधरी अजीत सिंह डिजाइन एवं फैशन प्रौद्योगिकी उत्कृष्टता केंद्र का शुभारंभ भी किया। यह केंद्र युवाओं को डिजाइन और फैशन टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में नई दिशा देने का काम करेगा।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने बागपत के प्रसिद्ध रटौल आम का जिक्र करते हुए अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अमेरिका के साथ अभी कोई अंतिम व्यापारिक करार नहीं हुआ है, लेकिन कई बड़े देश भारत के साथ समझौते के लिए आगे आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत आज वैश्विक व्यापार में एक मजबूत और भरोसेमंद साझेदार के रूप में उभर रहा है।







