फतेहपुर जिले के खागा कोतवाली क्षेत्र स्थित नवीन मंडी समिति परिसर में इन दिनों अव्यवस्था का आलम देखने को मिल रहा है। मंडी परिसर और सड़क किनारे बड़ी मात्रा में सड़ी-गली सब्जियां पड़ी होने से आसपास का वातावरण दूषित हो गया है। भीषण गर्मी के बीच उठ रही तेज दुर्गंध से व्यापारियों, किसानों और राहगीरों का हाल बेहाल है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मंडी परिसर में नियमित साफ-सफाई नहीं कराई जा रही है, जिसके चलते सब्जियों का कचरा कई दिनों से जमा पड़ा है। सड़ रही सब्जियों से निकल रही बदबू के कारण लोगों का वहां खड़ा होना तक मुश्किल हो गया है। वहीं गंदगी और सड़न की वजह से संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ता जा रहा है।
व्यापारियों का कहना है कि मंडी में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और व्यापार के लिए आते हैं, लेकिन साफ-सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त नजर आ रही है। नगर पालिका और मंडी समिति की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि स्वच्छ भारत मिशन के दावे सिर्फ कागजों तक सीमित हैं, जबकि जमीनी हकीकत मंडी परिसर में साफ दिखाई दे रही है।
स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने प्रशासन से तत्काल सफाई अभियान चलाकर मंडी परिसर को स्वच्छ कराने तथा नियमित कचरा निस्तारण की मांग की है, ताकि संक्रमण और बीमारियों के खतरे को रोका जा सके।






